Posted on 22 Aug, 2017 6:37 pm

भोपाल : मंगलवार, अगस्त 22, 2017, 18:08 IST
 

एप्को द्वारा आयोजित किये जा रहे ग्रीन गणेश अभियान में आज सुबह नेहरू नगर के शासकीय नवीन कन्या हाई स्कूल में लगभग 500 विद्यार्थियों और 30 शिक्षकों ने मिट्टी से भाँति-भाँति की आकर्षक गणेश प्रतिमाएँ बनायीं। मूर्तिकार श्री कमलेश वर्मा ने गेरू, रामरज, हल्दी आदि प्राकृतिक रंगों से मूर्ति रंगने की कला भी सिखाई।

एप्को टीम ने शाम को कोलार रोड के मंदाकिनी मैदान में मूर्ति प्रशिक्षण शिविर लगाया। इसमें 700 से अधिक लोगों ने काफी उत्साह से भाग लिया। सभी प्रतिभागी अपनी बनायी गणेश मूर्तियों को प्रफुल्लतापूर्वक घर ले गये।

दोनों प्रशिक्षण शिविरों में लगभग 20 प्रशिक्षकों ने लोगों और छात्र-छात्राओं को मूर्ति प्रशिक्षण दिया। बच्चों और बड़ों, दोनों में ही अपनी मूर्ति स्वयं बनाने का उत्साह देखते बनता था। मंदाकिनी मैदान में विकास एवं लक्ष्मी सिरोठिया, श्रीमती उषा सिंह और श्रीमती सुनीता सक्सेना ने कहा कि एप्को द्वारा किया जा रहा प्रयास अति सराहनीय है। अब आने वाले सालों में हम खुद अपने घरों में मिट्टी की प्रतिमा का निर्माण कर घर में ही विसर्जन करेंगे।
हमें पता नहीं था पीओपी की प्रतिमा के विसर्जन से पर्यावरण को इतनी हानि होती है।

एप्को टीम कल 23 अगस्त को प्रात: 11 से 2 बजे तक ओल्ड केम्पियन स्कूल अरेरा कॉलोनी, शासकीय बालक उच्चतर माध्यमिक विद्यालय बैरागढ़ और अपरान्ह 3 से 6 बजे तक पिपलानी के गणेश मंदिर में मूर्ति प्रशिक्षण देगी।

 

साभार – जनसम्पर्क विभाग मध्यप्रदेश