Posted on 27 Jun, 2017 6:38 pm

भोपाल : मंगलवार, जून 27, 2017, 18:03 IST
 

 

अब मत्स्य-विक्रय अनुबंधग्रहीता बंद ऋतु अवधि में भी भीमगढ़/राजघाट जलाशय में झींगा पकड़ सकेगा। मछुआ कल्याण तथा मत्स्य-पालन मंत्री श्री अंतर सिंह आर्य की अध्यक्षता में मत्स्य महासंघ की कामकाज समिति की बैठक में बंद ऋतु में झींगा आखेट की अनुमति दी गई। उल्लेखनीय है कि वर्षा ऋतु में मत्स्याखेट पर प्रतिबंध होता है।

बैठक में जानकारी दी गई कि झींगा प्रजाति का प्रजनन मीठे पानी में नहीं होता है। इस प्रजाति के बीज का बरसात के मौसम में आखेट से अधिक मात्रा में उत्पादन किया जा सकता है।

बैठक में मत्स्य महासंघ द्वारा जलाशयों में कार्यरत मछुआरों के लिए कल्याणकारी योजना में दी जाने वाली सुविधाओं में मुख्यमंत्री मीनाक्षी कन्या विवाह योजना में महासंघ की ओर से अलग से दी जाने वाली सहायता राशि को 15 हजार से बढ़ाकर 20 हजार कर दिया गया। साथ ही यह निर्णय भी लिया गया कि यह सहायता राशि अब लड़की के खाते में ही जमा करवायी जाये। खाता न होने की स्थिति में लड़की के नाम से खाता खुलवाकर इस राशि को जमा करवाने के निर्देश दिए गए।

इसके अतिरिक्त मत्स्याखेट रायल्टी की दरों का पुनर्निर्धारण और खाली पदों पर शासन के नियमानुसार भर्ती करने आदि अनेक महत्वपूर्ण निर्णय लिए गए। बैठक में प्रमुख सचिव श्री विनोद कुमार, मत्स्य महासंघ के प्रबंध संचालक श्री सतीशचन्द्र सिलावट एवं संचालक श्री ओ.पी. सक्सेना उपस्थित थे।

 

साभार – जनसम्पर्क विभाग मध्यप्रदेश

Recent