Posted on 16 Aug, 2018 9:15 pm

 

राज्यपाल श्रीमती आनंदीबेन पटेल ने भारत रत्न और पूर्व प्रधानमंत्री श्री अटल बिहारी वाजपेयी के निधन पर शोक व्यक्त किया है और श्रद्धा-सुमन अर्पित किये हैं।

राज्यपाल श्रीमती आनंदीबेन पटेल ने शोक संदेश में कहा है कि श्री वाजपेयी के निधन से देश को अपूरणीय क्षति हुई है। उन्होंने देश को विश्व स्तर पर सम्मान दिलाने तथा संयुक्त राष्ट्र संघ में दुश्मन देशों के मुकाबले अपने देश का पक्ष मजबूती से रखने के लिए हमेशा याद किया जायेगा। राज्यपाल ने कहा है कि वह देश के राजनैतिक गुरू और पितामाह थे। वे कठिन और विपरित परिस्थितियों में कभी भयभीत नहीं होते थे। वह देश के ऐसे प्रथम प्रधानमंत्री थे, जिनके शासन काल में भारत ने सफल परमाणु परीक्षण किया। यह हमारे लिए गर्व का विषय है। उनकी कविताएँ आने वाली पीढ़ी को देश सेवा की प्रेरणा देती रहेंगी।

राज्यपाल ने कहा कि स्वर्गीय अटल बिहारी वाजपेयी महान कवि, साहित्यकार और महान वक्ता थे। उनके पास शब्दों का भण्डार था। उनके भाषण में वह कला थी, जिससे आम-जनता और युवा आकर्षित हुए बिना नहीं रहते थे। बड़ी संख्या में हर वर्ग के लोग अपना काम छोड़कर उनका भाषण सुनने के लिये आतुर रहते थे। श्री वाजपेयी का व्यक्तित्व इतना महान था कि विरोधी और विपक्ष के राजनेता भी उनसे प्रभावित हुए बिना नहीं रह पाते थे।

राज्यपाल ने ईश्वर से दिवंगत आत्मा को शांति प्रदान करने और देश के शोक संतप्त नागरिकों को यह दु:ख सहन करने की शक्ति देने की प्रार्थना की है।

साभार – जनसम्पर्क विभाग मध्यप्रदेश

Recent