Posted on 19 Jun, 2018 6:52 pm

 

राष्ट्रीय बाल स्वास्थ्य कार्यक्रम से सिवनी जिले के कुरई विकासखंड के ग्राम पिंडरई निवासी सतीश गढेर के डेढ़ वर्षीय पुत्र आर्यन को हर्निया रोग से पूरी तरह मुक्ति मिल गई है। चिकित्सक डॉ रूचि द्विवेदी ने बताया कि ग्राम पिण्डरई के भ्रमण के दौरान उन्हें दर्द से छटपटाता 18 माह का आर्यन मिला था। जाँच में वह हर्निया से ग्रसित पाया गया। आर्यन के माता पिता इसे सामान्य मानते हुए थोड़ा बहुत उपचार करा रहे थे। बीमारी के कारण उसके पैरों में सूजन आ गयी थी तथा स्थिति जानलेवा हो सकती थी।

डॉ. रूचि द्धिवेदी ने आर्यन की स्थिति को देखते हुए उसे तत्काल जबलपुर मेडिकल कालेज रवाना किया। जबलपुर में 12 जून को आर्यन का सफल ऑपरेशन किया गया। आज आर्यन स्वस्थ है। आर्यन के पिता सतीश गढेर रहते हैं कि हमें पता नही था कि आर्यन का रोग गंभीर स्थिति में है। आर.बी.एस.के. की टीम ने देवदूत की तरह गाँव में पहुँचकर उनके बच्चे की बीमारी की पहचान की और सफल ऑपरेशन कराने में भी मदद की। आर्यन के पिता डॉ. रूचि द्धिवेदी एवं स्वास्थ्य विभाग सिवनी की प्रशंसा करते नही थकते हैं। वह कहते हैं कि शासन की योजना और जिला प्रशासन की तत्परता से आज उनके बच्चे को जीवन दान मिला है।

सक्सेस स्टोरी (सिवनी)

साभार – जनसम्पर्क विभाग मध्यप्रदेश

Recent