Posted on 05 Jun, 2018 6:37 pm

 

नगरीय विकास एवं आवास मंत्री श्रीमती माया सिंह ने कहा है कि निर्माण कार्य की गुणवत्ता ही निर्माण एजेन्सी की पूँजी है। श्रीमती सिंह म.प्र. गृह निर्माण एवं अधोसंरचना विकास मंडल (हाउसिंग बोर्ड) द्वारा 'गुणवत्ता नियंत्रण' विषयक राज्य स्तरीय कार्यशाला के शुभारंभ कार्यक्रम को संबोधित कर कही थीं। कार्यक्रम की अध्यक्षता मंडल के अध्यक्ष श्री कृष्ण मुरारी मोघे ने की।

मंत्री श्रीमती माया सिंह ने कहा कि मध्यप्रदेश सरकार द्वारा प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी के 'हाउसिंग फार ऑल' के निश्चय को साकार करने के लिये प्रदेश में सन् 2022 तक गरीबों के लिये 10 लाख आवास बनाने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। उन्होंने बताया कि मध्यप्रदेश सरकार द्वारा चालू वित्त वर्ष में शहरी क्षेत्र में 5 लाख 11 हजार आवास बनाने का कार्य प्रगति पर है। इसके लिए बजट में 1700 करोड़ रुपये का प्रावधान किया गया है।

नगरीय विकास एवं आवास मंत्री ने कहा कि गृह निर्माण मंडल ने अपने कार्य और गुणवत्ता से अपनी पहचान बनाई है। इस पहचान को कायम रखने की आवश्यकता है। उन्होंने कहा कि बोर्ड के मैदानी अमले को समय-समय पर नवीन तकनीक से अवगत करवाया जाए।

श्रीमती माया सिंह ने कार्यक्रम में आयोजित प्रर्दशनी का अवलोकन किया। कार्यशाला में आयुक्त हाउसिंग बोर्ड श्री राघवेन्द्र सिंह सहित पूरे प्रदेश से आये मंडल के तकनीकी और प्रशासनिक अधिकारी उपस्थित थे।

साभार – जनसम्पर्क विभाग मध्यप्रदेश

Recent