Posted on 20 Apr, 2018 6:03 pm

 

इंदौर जिले में सांवरे तहसील के बसान्द्रा ग्राम के किसान राधेश्याम एक हेक्टेयर से सालाना 50 हजार रूपये मूल्य की फसल का उत्पादन ले रहे हैं। राधेश्याम का कहना है कि खेती में आधुनिक तकनीक अपनाने से यह संभव हुआ है।

राधेश्याम ने अपने खेत के साढ़े चार हेक्टेयर रकबे में बड़े पैमाने पर गेंदा फूल के पौधे रोपे। मिश्रित खेती करते हुए गेंदा फूल के साथ प्याज, लहसुन और मटर की फसल भी ली। आधुनिक तकनीक अपनाते हुए सीड्रिल से बोआई की और मेड़ बनाकर पौधे लगाये। प्लास्टिक ट्रेम में पॉली हाऊस में पहले पौधे तैयार किये। राधेश्याम ने बताया कि खेत से प्रति वर्ष लगभग 125 क्विंटल गेंदा फूल, मटर, लहसुन और प्याज पैदा होता है। खेती पर लगभग 90 हजार रूपये सालाना खर्च करना पड़ते हैं। इससे सालाना लगभग एक लाख रूपये से अधिक की शुद्ध आय होती है। 

प्रगतिशील किसान राधेश्याम ने कोलकाता की लाल और पीली दो प्रकार के हाईब्रिड गेंदा फूल लगाये। पहले उसकी पौध तैयार की, उसके बाद पौध को मेड़ बना कर रोपा। इससे पौधे तेजी से बढ़े और गुड़ाई भी नहीं करनी पड़ी। समय-समय पर समुचित खाद और दवाई का स्प्रे भी किया। मात्र 5 माह में ही पौधे में गेंदा फूल आने लगे। इन्होंने बाजार में लगभग 15 हजार रूपये प्रति क्विंटल की दर से यह फूल बिका। अब इन्हें खर्च काट कर सालाना एक लाख रूपये से अधिक की शुद्ध आय मात्र गेंदा फूल से हो रही है। राधेश्याम का कहना है कि मिश्रित खेती को भी किसान भाई बढ़ावा दें। मिश्रित खेती में फसल उत्पादन दुगुना होता है। कृषि वैज्ञानिकों ने भी किसानों को मिश्रित खेती करने की सलाह दी है।

 

साभार – जनसम्पर्क विभाग मध्यप्रदेश

Recent