Posted on 20 May, 2016 5:06 pm

ग्रामोदय से भारत उदय अभियान

मुख्यमंत्री श्री चौहान एक जून को ग्राम संसद को संबोधित करेंगे 

भोपाल : शुक्रवार, मई 20, 2016, 16:39 IST
 

मुख्यमंत्री श्री शिवराज सिंह चौहान एक जून को ग्रामोदय से भारत उदय अभियान में सभी ग्राम पंचायत स्तर पर होने वाली ग्राम संसद को संबोधित करेंगे। इसका लाइव टेलीकास्ट होगा, जिसके प्रसारण की व्यवस्था सभी पंचायत में की जायेगी।

ग्रामोदय से भारत उदय अभियान के अंतिम दौर में एक जून को सभी ग्राम पंचायत में सुबह 9 से 11 बजे के बीच ग्राम संसद होगी। ग्राम संसद में संबंधित नोडल अधिकारी उपस्थित सदस्यों के समक्ष अभियान में की गयी कार्यवाही का पालन-प्रतिवेदन प्रस्तुत करेंगे। इसमें विकास, कृषि तथा हितग्राहीमूलक योजना शामिल होंगी। इसके बाद सुबह 11 बजे मुख्यमंत्री सीधे ग्रामसभा के सदस्यों को संबोधित करेंगे।

इस संबंध में राज्य शासन ने सभी आयुक्त, कलेक्टर एवं सीईओ जिला पंचायत को निर्देश जारी कर दिये हैं। जिला मुख्यालय में कार्यक्रम में सांसद, क्षेत्रीय विधायक एवं अध्यक्ष जिला एवं जनपद पंचायत को आमंत्रित करने के निर्देश दिये गये हैं। जन-प्रतिनिधि वी.सी. के माध्यम से मुख्यमंत्री से भी चर्चा कर सकेंगे।

राजेश पाण्डेय