Posted on 19 Jun, 2018 6:51 pm

 

विस्तारित ग्राम स्वराज अभियान के तहत एस्पीरेशनल जिलों में टीकाकरण अभियान 16 जुलाई, 13 अगस्त और 10 सितम्बर, 2018 को होगा। इसमें भारत शासन द्वारा चयनित 8 जिलों- विदिशा, सीधी, बड़वानी, खण्डवा, छतरपुर, दमोह, गुना और राजगढ़ के 0 से 5 वर्ष के बच्चों का टीकाकरण‍किया जायेगा। टीकाकरण टीमें सभी मजरे-टोले, मलिन बस्ती, ईंट-भट्टे, निर्माण कार्य स्थल, और इक्का-दुक्का बसे घरों तक भी पहुँचेगी। बच्चों को खसरा, निमोनिया, डायरिया आदि 9 बीमारियों के विरूद्ध टीके लगाये जायेंगे। अभियान का उद्देश्य नये बच्चों के साथ सामान्य टीकाकरण अभियान के दौरान छूटे हुए सभी 5 वर्ष तक के बच्चों का टीकाकरण सुनिश्चित करना है। स्वास्थ्य आयुक्त डॉ. पल्लवी जैन ने टीकाकरण अभियान की तैयारियों की समीक्षा की।

शत-प्रतिशत आँगनवाड़ी बनेंगे टीकाकरण केन्द्र

टीकाकरण अभियान में सभी 8 जिलों के शत्-प्रतिशत आंगनवाड़ी केन्द्रों को भी मिशन इन्द्रधनुष अभियान का केन्द्र बनाया जायेगा। अभियान में स्वास्थ्य विभाग के साथ महिला एवं बाल विकास, पंचायत एवं ग्रामीण विकास, वन, जनसम्‍पर्क, खेल, शहरी विकास, स्कूल शिक्षा आदि विभाग भी भागीदारी कर रहे है। बैठक में बताया गया कि पिछले टीकाकरण अभियान में पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग की भागीदारी से अभियान को भारी सफलता मिली। विभाग द्वारा शत्-प्रतिशत उपलब्धि के लिये 2 हजार 222 ग्राम पंचायतों को 2-2 लाख रूपये का पुरूस्कार भी दिया जायेगा। बैठक में राज्य टीकाकरण अधिकारी डॉ. संतोष शुक्ला, उप संचालक डॉ. ओ.पी. तिवारी, विश्व स्वास्थ्य संगठन, यूनीसेफ और संबंधित विभागों के अधिकारी भी उपस्थित थे।

साभार – जनसम्पर्क विभाग मध्यप्रदेश

Recent