Posted on 07 Jun, 2018 2:45 pm

 

देश में पहली बार मध्यप्रदेश में किशोर-किशोरियों को रोचक ढंग से स्वास्थ्य संबंधी शिक्षा देने के लिये 12 कामिक बुक्स एवं एनीमेशन का शुभारंभ किया गया है। एशिया पैसिफिक रीजन की डिप्टी रीजनल डायरेक्टर डॉ. जेनिफर बटलर और स्वास्थ आयुक्त श्रीमती पल्लवी जैन ने आज राष्ट्रीय किशोर स्वास्थ्य कार्यक्रम में एनीमेशन फिल्म, साथिया एप और कामिक्स किताबों का विमोचन किया। राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन एवं यू.एन.एफ.पी.ए. द्वारा तैयार किये गये एप और कामिक्स देश में पहली बार मध्यप्रदेश में लांच किये गये हैं। मध्यप्रदेश किशोरों के स्वास्थ्य कार्यक्रमों में देश में आदर्श राज्य के रूप में उभरा है। यहाँ स्वयंसेवी संस्थाओं के सहयोग से बहुत कम समय में राष्ट्रीय स्वास्थ्य कार्यक्रम को सफलता मिली है। इस संबंध में उड़ीसा, छत्तीसगढ़, दिल्ली आदि राज्य मध्यप्रदेश राज्य का अध्ययन दौरा कर चुके हैं।

साथिया एप गूगल प्ले-स्टोर पर नि:शुल्क उपलब्ध है। प्रदेश का कोई भी किशोर अथवा उनके अभिभावक इसे अपने मोबाइल पर इंस्टाल कर किशोर स्वास्थ्य से संबंधित विभिन्न प्रकार की जानकारी नि:शुल्क प्राप्त कर सकते हैं। आर.के.एस.के. मोबाइल एप्लीकेशन एवं वेब सॉफ्टवेयर जी.पी.एस. आधारित है। इसमें किशोर मित्र स्वास्थ्य क्लीनिक, गाँव स्तर पर साथिया द्वारा ब्रिग्रेड और गाँव के किशोर-किशोरियों के बीच की जा रही स्वास्थ्य गतिविधियों का डॉटा एकत्र करने में मदद मिलेगी। स्वयंसेवी संस्थाओं के प्रशिक्षक और परामर्शदाता की आउटरीच गतिविधियों की मॉनीटरिंग मोबाइल एप के माध्यम से हो सकेगी। यह एप ऑनलाइन एवं ऑफलाइन दोनों स्थितियों में काम करेगा।

देश-प्रदेश में राष्ट्रीय किशोर स्वास्थ्य कार्यक्रम वर्ष 2014 में शुरू हुआ। प्रथम चरण में यह कार्यक्रम प्रदेश के 11 जिलों झाबुआ, अलीराजपुर, बड़वानी, डिण्डौरी, मंडला, छतरपुर, पन्ना, उमरिया, शहडोल, सिंगरौली और सतना जिलों के 6 हजार 780 गाँवों में संचालित हो रहा है। छह स्वास्थ्य विषय - पोषण, यौन एवं प्रजनन स्वास्थ्य, मानसिक स्वास्थ्य, नशीले पदार्थों के दुष्प्रभाव, हिंसा एवं चोट और असंचारी रोग पर केन्द्रित कार्यक्रम में 10 से 19 वर्ष आयु वर्ग के किशोर-किशोरियां
शामिल हैं। महिला-बाल विकास आयुक्त डॉ. अशोक कुमार भार्गव, मिशन संचालक श्री एस. विश्वनाथन भी कार्यक्रम में मौजूद थे।

साभार – जनसम्पर्क विभाग मध्यप्रदेश

Recent