Posted on 19 Feb, 2019 6:36 pm

 

मुख्यमंत्री श्री कमल नाथ ने कहा है कि आज नई पीढ़ी को भारतीय संस्कृति और परंपराओं से जोड़ने की जरूरत है। उन्होंने कहा कि प्रत्येक समाज का यह कर्त्तव्य है कि वह भारतीय संस्कृति की मूल्यवान आध्यात्मिक शक्ति को अक्षुण्ण बनाये और इसे अगली पीढ़ी को हस्तांतरित करे। श्री कमल नाथ प्रजापति कुंभकार संघ के युवक-युवती परिचय सम्मेलन को संबोधित कर रहे थे।

श्री कमल नाथ ने कहा कि हमारे देश की संस्कृति और विविधता पूरे विश्व के लिये आश्चर्य का विषय है। खान-पान, रहन-सहन, वेशभूषा अलग-अलग होने के बावजूद भी हम लोग एक झण्डे के नीचे खड़े हैं। उन्होंने कहा कि हमारी चिंता यह होना चाहिए कि भारतीय संस्कृति की प्रतिष्ठा हमेशा कैसे कायम रहे। इसके लिये जरूरी है कि हम युवा पीढ़ी को सामाजिक मूल्यों और परंपराओं से जोड़ें, जिससे हमारा सामाजिक विकास तेजी से हो।

मध्यप्रदेश विधानसभा के अध्यक्ष श्री नर्मदा प्रसाद प्रजापति ने प्रजापति समाज की बुनियादी समस्याओं से मुख्यमंत्री को अवगत कराया। सम्मेलन में जनसम्पर्क एवं विधि-विधायी कार्य मंत्री श्री पी.सी. शर्मा भी उपस्थित थे।

 

साभार – जनसम्पर्क विभाग मध्यप्रदेश​