Posted on 22 Apr, 2019 4:53 pm

विश्व वसुंधरा दिवस पर पर्यावरण नियोजन एवं समन्वय संगठन (एप्को) ने आज सुबह 7 से पूर्वान्ह 11 बजे तक स्कूली बच्चों के लिये बड़े तालाब पर पक्षी दर्शन, व्याख्यान, प्रश्नोत्तरी और रैली का आयोजन किया। इनके माध्यम से बच्चों ने न केवल पृथ्वी पर जीवन के लिये प्रकृति संरक्षण के महत्व को जाना। विभिन्न पक्षियों को देखकर खुशी से सराबोर भी हुए। कार्यक्रम में शासकीय नवीन कन्या उच्चतर माध्यमिक विद्यालय, तुलसी नगर और शासकीय नवीन उच्चतर माध्यमिक विद्यालय अरेरा कालोनी के 60 बच्चे और 5 शिक्षक शामिल हुए।

पक्षी दर्शन में पक्षी विशेषज्ञ श्री मोहम्मद खलिक और डॉ. संगीता राजगीर ने बच्चों को सारस, ड्रोंगो, ग्रीन बीईटर, किंग फिशर, सन बर्ड, फ्लेमिंगो के बारे में जानकारी दी। बच्चे बैक श्राईक, रेड वेन्टेड बुलबुल, केटल ईग्रिड एवं गोल्डन ओरियोल को देख काफी आल्हादित हुए। इस दौरान बच्चों को पक्षियों के संरक्षण में जलाशयों की भूमिका के बारे में भी जानकारी दी गई। पर्यावरण शिक्षा अधिकारी श्री दिलीप चक्रवर्ती ने विश्व वसुंधरा दिवस पर दिये व्याख्यान में विभिन्न प्रजातियों के संरक्षण और महत्ता के बारे में जानकारी दी। प्रश्नोत्तरी के माध्यम से विद्यार्थियों को प्रकृति संरक्षण से संबंधित महत्वपूर्ण विषयों से अवगत कराया गया।

विद्यार्थियों ने ओपन हाउस क्विज प्रतियोगिता में बढ़-चढ़कर भाग लिया। वरिष्ठ वैज्ञानिक अधिकारी श्री महेश मिश्रा ने वन क्षेत्र एवं जलाशयों के आस-पास पॉलीथिन के उपयोग से होने वाले नुकसान को बताते हुए विद्यार्थियों को पॉलीथिन उपयोग न करने की शपथ दिलाई। समापन पर प्रतिभागियों को प्रमाण-पत्र दिये गये।

साभार – जनसम्पर्क विभाग मध्यप्रदेश