Posted on 22 May, 2016 7:07 pm

मीडिया ने सिंहस्थ के सकारात्मक पहलुओं को देश-दुनिया के समक्ष रखा

मुख्यमंत्री श्री चौहान ने सिंहस्थ की सफलता पर मीडिया का जताया आभार 

भोपाल : रविवार, मई 22, 2016, 18:49 IST

 

मुख्यमंत्री श्री शिवराज सिंह चौहान आज उज्जैन में मीडिया प्रतिनिधियों से मिले और उनका आभार व्यक्त किया। श्री चौहान ने सिंहस्थ के सफल आयोजन में सक्रिय भागीदारी निभाने पर उज्जैन के संचार प्रतिनिधियों को धन्यवाद दिया।

मुख्यमंत्री श्री चौहान ने कहा कि उज्जैन के मीडिया ने सिंहस्थ के सकारात्मक पहलुओं को देश एवं दुनिया के समक्ष रखा है। दुनिया भर में सिंहस्थ की चर्चा हुई है। सभी के सहयोग से उज्जैन में सिंहस्थ का अदभुत एवं अतुलनीय आयोजन सफलता से हो सका है। समाज के सभी वर्गों, धर्मों के लोगों, स्वयंसेवी संस्थाओं और उज्जैनवासियों ने इस महापर्व पर दिल खोलकर मदद की है।

इस मौके पर प्रभारी मंत्री श्री भूपेन्द्र सिंह, स्कूल शिक्षा मंत्री श्री पारस जैन, सिंहस्थ केन्द्रीय समिति के अध्यक्ष श्री माखनसिंह, सिंहस्थ मेला प्राधिकरण अध्यक्ष श्री दिवाकर नातू, सांसद डॉ. चिंतामणि मालवीय, विधायक डॉ.मोहन यादव, श्री सतीष मालवीय एवं श्री अनिल फिरोजिया, प्रमुख सचिव जनसंपर्क श्री एस.के. मिश्रा, आयुक्त जनसंपर्क श्री अनुपम राजन उपस्थित थे।

मुख्यमंत्री श्री चौहान ने कहा कि सभी के सक्रिय सहयोग से यह महा-आयोजन सफल रहा है। यह आयोजन उज्जैन, देश एवं प्रदेश का था। भगवान महाकाल की इस महा-आयोजन की सफलता में विशेष कृपा रही है। मीडिया ने भी इस महापर्व की सफलता में सकारात्मक एवं सक्रिय सहयोग दिया है। यहाँ के नागरिकों, साधु-सन्तों, सफाई कामगारों, होमगार्ड, पुलिस, स्वयं सेवकों, एनएसएस, स्काउट गाईड, एनसीसी, सभी शासकीय सेवक ने भी सिंहस्थ की सफलता में सक्रिय योगदान दिया है। मुख्यमंत्री श्री चौहान ने कहा कि शैव और वैष्णव अखाड़ों ने एक ही समय में स्नान करने का निर्णय लेकर इतिहास रचा है।

मुख्यमंत्री श्री चौहान ने कहा कि शासन-प्रशासन पिछले चार साल से सिंहस्थ की तैयारियों में जुटे हुए थे। महापर्व का इतना सुन्दर एवं सुखद समापन देखकर लगता है कि मानव जीवन सफल, सार्थक हो गया। उन्होंने कहा कि आँधी-तूफान की घटना के बाद भी आस्था और श्रद्धा का जनसैलाब उमड़ पड़ा, वह अकल्पनीय है। अंतिम शाही स्नान के दिन लगभग डेढ़ करोड़ से अधिक लोगों ने स्नान कर इस आयोजन को सफलता के शीर्ष पर पहुँचा दिया। साधु-सन्तों ने भी धैर्य रखा। मुख्यमंत्री ने कहा कि वह स्वयं 29 मई को महाकाल मंदिर से पैदल यात्रा कर उज्जैनवासियों का आभार व्यक्त करेंगे। इस दिन वे शिप्रा तट पर सभा कर शहर को नई सौगात देंगे।

मुख्यमंत्री श्री चौहान ने कहा कि सिंहस्थ मेला क्षेत्र में अधिग्रहीत खेतों को वापस जैसे थे, वैसे ही तैयार कर किसानों को आगामी बोवनी के पूर्व उपलब्ध करवाये जाएँगे। उन्होंने कहा कि सिंहस्थ में हुए विकास कार्यों से उज्जैन पर्यटन का बहुत बड़ा केन्द्र बनकर उभरेगा।

मुख्यमंत्री ने इस मौके पर पत्रकारों के साथ सहभोज भी किया। इसके बाद पत्रकारों और संचार प्रतिनिधियों को शासन की ओर से स्मृति चिन्ह भेंट किये गये। मुख्यमंत्री श्री चौहान ने पत्रकार श्री विवेक चौरसिया द्वारा लिखित ग्रन्थ कुंभनामा का विमोचन किया।

प्रेस क्लब अध्यक्ष श्री विशाल हाड़ा ने शाल एवं श्रीफल भेंटकर मुख्यमंत्री श्री चौहान तथा आयुक्त जनसंपर्क का अभिनंदन किया। मुख्यमंत्री ने प्रेस क्लब अध्यक्ष श्री हाड़ा और पत्रकार श्री निरूक्त भार्गव को पुष्पहार पहनाकर स्वागत किया।

कार्यक्रम का संचालन अपर संचालक जनसंपर्क श्री देवेन्द्र जोशी ने तथा आभार आयुक्त जनसंपर्क श्री अनुपम राजन ने व्यक्त किया। इस मौके पर संभागायुक्त डॉ.रवीन्द्र पस्तोर, एडीजीपी श्री व्ही.मधुकुमार, डीआईजी श्री राकेश गुप्ता, कलेक्टर श्री कवीन्द्र कियावत, एसपी श्री मनोहर सिंह वर्मा उपस्थित थे।

जगदीश मालवीय

 

साभार – Department of Public Relation (M.P)

Recent