Posted on 19 Sep, 2018 7:31 pm

 

मुख्य सचिव श्री बसंत प्रताप सिंह से राष्ट्रीय महिला आयोग की अध्यक्ष श्रीमती रेखा शर्मा ने आज मंत्रालय में भेंट की। मुख्य सचिव ने श्रीमती शर्मा को मध्यप्रदेश में महिलाओं के लिए संचालित विभिन्न योजनाओं तथा कार्यक्रमों के स्वरूप और उनकी प्रगति से अवगत कराया। श्रीमती शर्मा ने कहा कि पुलिस में  महिलाओं के लिए पद आरक्षित करना महिला सशक्तिकरण की दिशा में सराहनीय पहल है। उन्होंने भर्ती प्रक्रिया के समय महिला प्रत्याशियों के लिये पृथक व्यवस्था करने की आवश्यकता बताई।

इस मौके पर अपर मुख्य सचिव पंचायत एवं ग्रामीण विकास श्री इकबाल सिंह बैस, प्रमुख सचिव महिला बाल विकास श्री जे.एन. कंसोटिया, प्रमुख सचिव जनजातिया कार्य विभाग श्री एस.एन. मिश्रा, प्रमुख सचिव सामाजिक न्याय श्री अशोक कुमार शाह, प्रमुख सचिव स्कूल शिक्षा श्रीमती दीप्ती गौड मुखर्जी, आयुक्त महिला बाल विकास डॉ. अशोक कुमार भार्गव उपस्थित थे।

भेंट के दौरान जानकारी दी गई कि वर्ष 2007 से आरंभ लाड़ली लक्ष्मी योजना के अन्तर्गत अब तक 30 लाख से अधिक बालिकाओं को पंजीकृत किया जा चुका है। प्रदेश में आँगनवाड़ी स्तर पर 84 हजार 359 शौर्या दल का गठन किया गया है, जिसका उददेश्य स्थानीय स्तर पर महिलाओं को सामाजिक और आर्थिक रूप से सक्षम बनाना है। प्रदेश में बाल विवाह की कुरीति को समाप्त करने के लिये लाड़ो अभियान संचालित किया गया। पुलिस विभाग की भर्तीयों के लिए आवश्यक मार्गदर्शन और प्रशिक्षण उपलब्ध कराने के उददेश्य से सशक्त वाहिनी अभियान चलाया जा रहा है। बेटी बचाओ बेटी पढ़ाओं योजना, वन स्टाप सेन्टर, महिला हेल्प लाईन, सेफसिटी कार्यक्रम के संबंध में भी जानकारी दी गई। इस मौके पर स्वास्थ्य विभाग, सामाजिक न्याय विभाग, खादय एवं नागरिक आपूति और स्कूल शिक्षा विभाग द्वारा महिलाओं और बालिकाओं के लिये संचालित योजनाओं व कार्यक्रम के संबंध में भी चर्चा हुई।

 

साभार – जनसम्पर्क विभाग मध्यप्रदेश​

Recent