Posted on 05 Jun, 2018 6:35 pm

 

विश्व पर्यावरण दिवस पर वन विहार राष्ट्रीय उद्यान में प्रधान मुख्य वन संरक्षक श्री शाहबाज अहमद ने सभी अधिकारियों और कर्मचारियों को वन विहार के अंदर निषिद्ध मानक की पॉलीथिन, एकल उपयोग प्लास्टिक का उपयोग नहीं करने और वन विहार को प्लास्टिक-मुक्त क्षेत्र बनाने की शपथ दिलाई। इस मौके पर अपर प्रधान मुख्य वन संरक्षक श्री दिलीप कुमार और वन विहार की संचालक श्रीमती समीता राजौरा भी उपस्थित थीं।

श्री अहमद और वन विहार प्रबंधन ने प्लास्टिक बॉटल का उपयोग रोकने के लिये सभी अधिकारियों और कर्मचारियों को एस.एस. बॉटल वितरित की। वन विहार में कार्यरत श्रमिकों को पीने के पानी की पर्याप्त व्यवस्था के लिये जगह-जगह मटके भी रखवाये गये हैं।

कियोस्क में भी होगा प्लास्टिक-मुक्त सामग्री का उपयोग : वन विहार में स्थित कियोस्क पर भी प्लास्टिक की प्लेट और चम्मच के स्थान पर प्रकृति में वापस समाहित होने वाली सामग्री जैसे लकड़ी के चम्मच, दोना, पत्तल आदि में खाद्य सामग्री विक्रय करने के निर्देश दिये गये हैं।

अधिकारी-कर्मचारियों ने की वन विहार की सफाई : संचालक श्रीमती समीता राजौरा और वन विभाग के अधिकारियों-कर्मचारियों ने विश्व पर्यावरण दिवस पर परिसर की साफ-सफाई की। वन विहार को प्लास्टिक-मुक्त बनाने के स्वच्छता अभियान में कचरे के साथ पॉलीथिन बैग, पाउच और प्लास्टिक बॉटल एकत्रित की गईं।

Say No To Single Use Plastic : विश्व पर्यावरण दिवस पर वन विहार में सभी अधिकारियों और कर्मचारियों ने Say No To Single Use Plastic लिखी टी-शर्ट पहन रखी थीं। ये आकर्षक टी-शर्ट लोगों का बरबस ध्यान आकर्षित करने के साथ प्रेरित भी कर रही थीं। कार्यक्रम का संचालन सेवानिवृत्त सहायक वन संरक्षक श्री ए.के. खरे ने किया।

साभार – जनसम्पर्क विभाग मध्यप्रदेश

Recent