Posted on 19 Feb, 2018 5:35 pm

ग्लोबल वार्मिंग की समस्या पर्यावरण के लिये सबसे बड़ी समस्या मानी गई है। इस समस्या से निपटने में पेड़ों की रक्षा और वृक्षारोपण को महत्वपूर्ण माना गया है। इसी बात को ध्यान में रखते हुए राज्य सरकार के विभागों ने वृक्षारोपण को तरजीह दी है। इसका जीवंत उदाहरण कटनी जिले की जनपद पंचायत बहोरीबंद की ग्राम पंचायत सिन्दुरसी में देखने को मिला है। ग्राम पंचायत में 7 माह पहले रोपे गये पौधे अब अच्छी स्थिति में हैं। कुछ पौधों में तो फल आना भी शुरू हो गये हैं।

ग्राम पंचायत सिन्दुरसी में करीब 950 फलदार पौधे रोपे गये थे। इनमें प्रमुख रूप से आँवला, अमरूद, कटहल, जामुन और आम की प्रजाति के पौधे थे। ग्राम पंचायत सरपंच राजकुमार पटेल ने बताया कि मनरेगा में लगाये गये फलदार पौधों की देखभाल उन्होंने व्यक्तिगत जिम्मेदारी मानकर की। पौधों की देखभाल के अलावा पानी और खाद देने की जिम्मेदारी का निर्वहन ग्राम रोजगार सहायक ने तत्परता से किया। सिन्दुरसी ग्राम में फलदार वाटिका के लिये करीब 4 लाख 55 हजार रुपये की राशि मंजूर हुई थी। वाटिका में पदस्थ चौकीदार उजियार सिंह लोधी बताते हैं कि पेड़ों की बढ़त देखने आसपास के गाँव के लोग भी वाटिका में आते हैं।

क्षेत्र के अन्य ग्रामीणों ने भी मनरेगा की इस परियोजना के लिये अपने गाँव में फलदार पौधे लगाने के प्रयास शुरू कर दिये हैं।

साभार – जनसम्पर्क विभाग मध्यप्रदेश

Recent