Posted on 16 Jan, 2019 11:25 pm

 

खाद्य, नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता संरक्षण मंत्री श्री प्रदुमन सिंह तोमर ने निर्देश दिये हैं कि समर्थन मूल्य पर धान खरीदी के लिये तय केन्द्रों की व्यवस्थाएँ चुस्त-दुरुस्त बनाये रखें। प्रदेश में 15 जनवरी तक 14 लाख 15 हजार मीट्रिक टन धान की खरीदी की जा चुकी है।

मंत्री श्री तोमर ने कहा कि धान खरीदी के लिये प्रदेश में बनाये गये 951 केन्द्रों पर आने वाले किसानों के लिये पेयजल, छाया और समय पर ईमानदारी के साथ फसल तुलवाई व्यवस्था सुनिश्चित की जाये। इसके लिये जिला कलेक्टर की अध्यक्षता में गठित समिति सतत निगरानी रखे। उन्होंने बताया कि 15 नवम्बर, 2018 से समर्थन मूल्य 1750 रुपये प्रति क्विंटल की दर से धान खरीदी की प्रक्रिया 15 जनवरी, 2019 तक प्रारंभ की गई थी। इस अवधि में 2 लाख 49 हजार से अधिक कृषकों की 14 लाख 15 हजार 301 मीट्रिक टन धान की खरीदी की जा चुकी है। खरीदी प्रक्रिया पर नियंत्रण रखने के लिये राज्य स्तर पर कंट्रोल-रूम गठित किया गया है, जिसका टेलीफोन नम्बर 0755-2551471 है। यह कंट्रोल-रूम सुबह 9 बजे से रात 9 बजे तक लगातार 12 घंटे संचालित किया जा रहा है। 

धान उपार्जन की तारीख बढ़ाई गई

राज्य शासन ने धान उपार्जन की तारीख बढ़ा दी है। प्रदेश के कुछ जिलों से प्राप्त माँग और अभी तक उपार्जन केन्द्रों पर धान की आवक को देखते हुए यह व्यवस्था की गई है। अभी तक धान उपार्जन की अंतिम तिथि 15 जनवरी, 2019 थी। अब दमोह, बैतूल, पन्ना, सिंगरौली, मण्डला, अनूपपुर, सीधी, जबलपुर, उमरिया और सतना में 19 जनवरी तक और सिवनी, रीवा, बालाघाट तथा कटनी में 25 जनवरी तक किसानों से धान उपार्जित किया जायेगा।

 

साभार – जनसम्पर्क विभाग मध्यप्रदेश​