Posted on 29 Aug, 2019 3:11 pm

विश्व विख्यात हॉकी खिलाड़ी मेजर ध्यानचंद के जन्म-दिन पर आज राष्ट्रीय खेल दिवस मनाया जा रहा है। खेल दिवस पर खेल एवं युवा कल्याण विभाग द्वारा सभी जिलों में साईकिल रैली का आयोजन किया गया। खेल एवं युवा कल्याण मंत्री श्री जीतू पटवारी ने इंदौर में स्वयं साईकिल चला कर रैली का उद्धघाटन किया। श्री पटवारी अपने निवास से साईकिल चला कर कार्यक्रम स्थल पर पहुँचे।

खेल मंत्री श्री पटवारी ने कहा कि हर व्यक्ति को खेल को आत्मसात करना चाहिए। खेल से सकारात्मकता की भावना आती है। उन्होंने कहा कि प्रदेश में खेल सुविधाओं का तेजी से विस्तार किया जा रहा है। हमारा प्रयास है कि खेल से हर परिवार जुड़े। प्रदेश के खिलाड़ी देश ही नहीं अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर भी मध्यप्रदेश का नाम रौशन कर रहे हैं। श्री पटवारी ने कहा कि प्रदेश में खेल सुविधाओं के विस्तार में जन-सहभागिता भी सुनिश्चित की जायेगी। खेल के लिये बेहतर वातावरण बनाया जा रहा है।

साईकिल रैली से स्वच्छता और पर्यावरण का संदेश

राष्ट्रीय खेल दिवस पर टी.टी. नगर स्टेडियम पर प्रात: 7 बजे से साईकिल रैली हुई। रैली को अंतर्राष्ट्रीय तीरंदाज रागिनी मार्को, हॉकी खिलाड़ी विवेक सागर और अंतर्राष्ट्रीय सेलिंग खिलाड़ी हर्षिता तोमर ने झण्डी दिखाकर रवाना किया। रैली में संचालक खेल एवं युवा कल्याण डॉ. एस.एल. थाउसेन, खेल प्रशिक्षक और खिलाड़ी शामिल हुए और नागरिकों को पर्यावरण और स्वच्छता का संदेश दिया। टी.टी. नगर से प्रारंभ हुई रैली विभिन्न मार्गों से होकर बोर्ड ऑफिस चौराहे जाकर वापिस टी.टी. नगर स्टेडियम पर समाप्त हुई।

साभार – जनसम्पर्क विभाग मध्यप्रदेश