Posted on 02 Jun, 2026 8:06 pm

जनकल्याणकारी योजनाओं के क्रियान्वयन के लिएविश्व पर्यावरण दिवस 5 जून से अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस 21 जून 2026 तक विशेष अभियान संचालित किया जाएगा। सामान्य प्रशासन विभाग ने विशेष अभियान के लिए सभी संभाग आयुक्त, कलेक्टर और जिला पंचायत के सीईओ को निर्देश जारी किए हैं।

विश्व पर्यावरण दिवस पर "एक पेड मां के नाम" अभियान

विश्व पर्यावरण दिवस 5 जून 2026 को प्रत्येक विकास खण्ड/नगरीय निकायों में "एक पेड मां के नाम" अभियान संचालित किया जाएगा। इस अभियान में विद्यालयों/महाविद्यालयों एवं सामाजिक संगठनों को जोड़ा जाएगा। कार्यक्रम 21 जून 2026 तक चलेंगे।

पौधरोपण अभियान में पीपल, आम, बरगद, नीम आदि के पौधरोपण पर विशेष ध्यान दिया जाएगा। इस कार्यक्रम का नोडल विभाग पर्यावरण विभाग रहेगा। पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग, नगरीय विकास एवं आवास, वन, उद्यानिकी इस अभियान को क्रियान्वित करायेंगे।

स्वच्छता अभियान

स्वच्छता अभियान में प्लास्टिक अपशिष्ट की सफाई पर विशेष ध्यान दिया जायेगा। इस अभियान में ग्रामीण क्षेत्र के लिए ग्रामीण विकास विभाग तथा नगरीय क्षेत्र के लिये नगरीय विकास एवं आवास विभाग नोडल विभाग रहेगा। शासकीय कार्यालय भवन, स्कूल भवन, छात्रावास भवन आदि में विशेष स्वच्छता अभियान चलाया जायेगा। जल स्रोतों के आसपास सफाई एवं गहरीकरण आदि गतिविधियां की जाएंगी।

तीन दिवसीय जनकल्याण शिविरका आयोजन

इस दौरान जनकल्याण शिविर 12 से 18 जून 2026 की अवधि में जिले के प्रत्येक विकास खण्ड/नगरीय निकाय मुख्यालयों पर आयोजित होंगे जिनमें केन्द्र एवं प्रदेश सरकार की कल्याणकारी योजनाओं के अंतर्गत छूटे हुए पात्र लाभार्थियों के पंजीकरण किए जायेंगे। शिविर 03 दिवसीय होगा। मैदानी अमले के सह‌योग से लाभार्थियों को शिविर तक लाने का कार्य किया जायेगा। आयुष्मान भारत, आयुष्मान वय वंदना, पीएम सूर्य घर, पीएम स्वनिधि, लखपति दीदी एवं वीबी-जी-रामजी योजनाओं तथा विभिन्न विभागों की कल्याणकारी योजनाओं के अंतर्गत पंजीयन कराया जायेगा। सी.एम. हेल्प लाइन, लोक सेवा गारंटी अधिनियम के अंतर्गत अधिसूचित सेवाओं के आवेदनों का निर्धारित समय-सीमा के अंतर्गत अभियान अवधि में शत-प्रतिशत निराकरण सुनिश्चित किया जायेगा। इन शिविरों में भारत सरकार एवं राज्य सरकार की विकास एवं प्रगति की प्रदर्शनी जनसम्पर्क विभाग के सहयोग से आयोजित की जायेगी। इसमें प्रबुद्ध जनों की सह‌भागिता सुनिश्चित की जायेगी। इन शिविरों में सफलता की कहानी, चित्रकला प्रतियोगिता, लाभार्थियों के अनुभव साझा करना जैसे कार्यक्रम भी समानान्तर रूप से आयोजित किए जाएंगे। इन शिविरों के लिए नोडल विभाग पंचायत एवं ग्रामीण विकास, नगरीय विकास एवं आवास, राजस्व विभाग तथा लोक सेवा प्रबंधन विभाग होंगे।

प्राकृतिक खेती कार्यशालाएं

प्राकृतिक खेती को प्रोत्साहित करने के लिए 19 एवं 20 जून 2026 को प्रत्येक जिले में 2 स्थानों पर कृषि विशेषज्ञों/वैज्ञानिकों एवं अन्य अनुभवी व्यक्तियों द्वारा प्रदर्शन एवं व्याख्यान सहित प्राकृतिक खेती कार्यशालाएं आयोजित की जाएंगी। इस कार्यक्रम के लिए किसान कल्याण तथा कृषि विकास नोडल विभाग तथा उद्यानिकी एवं खाद्य प्रसंस्करण विभाग सहयोगी विभाग होगा।

अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस

अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस 21 जून 2026 को प्रत्येक विकासखण्ड एवं नगरीय निकायों में स्थानीय योग समूह के सहयोग से मनाया जाऐगा। योग अभ्यास के लिए आयुष मंत्रालय द्वारा निर्धारित प्रोटोकॉल का पालन किया जायेगा। जहां संभव हो वहां एक सप्ताह का प्रशिक्षण शिविर भी आयोजित किये जाएंगे। कार्यक्रम का नोडल विभाग आयुष विभाग होगा। खेल एवं युवक कल्याण, उच्च शिक्षा, स्कूल शिक्षा, तकनीकी शिक्षा एवं जनजातीय कार्य विभाग सहयोगी विभाग रहेंगे। नोडल विभाग तथा जिला कलेक्टर आवश्यकता अनुसार अन्य विभागों से समन्वय कर कार्यक्रम को सफल बनाना सुनिश्चित करेंगे। कार्यक्रम के आयोजनों में वाहनों की संख्या न्यूनतम रखी जायेगी। उपरोक्त कार्यक्रमों के आयोजनों की रूप रेखा को अंतिम स्वरूप देने के लिए यथा कार्यक्रम स्थल, मुख्य अतिथि आदि के निर्धारण में जिले के प्रभारी मंत्री का अनुमोदन प्राप्त किया जायेगा।

साभार – जनसम्पर्क विभाग मध्यप्रदेश

Recent