Posted on 25 Sep, 2019 8:21 pm

सामान्य प्रशासन मंत्री डॉ. गोविन्द सिंह ने निर्देश दिये हैं कि एक पद पर लम्बे समय से सफलतापूर्वक काम कर रहे शासकीय अधिकारियों-कर्मचारियों को पात्रतानुसार उच्च पदनाम दिये जाने की कार्यवाही शीघ्र पूरी करें। इसी के साथ, निर्माण विभागों में 28 वर्ष की सेवा पूर्ण कर चुके पात्र उपयंत्रियों को सहायक यंत्री का पदनाम और डिप्लोमा होल्डर कर्मचारियों को प्रभारी उपयंत्री का पदनाम देने की कार्यवाही की जाये।

डॉ. गोविन्द सिंह ने आज मंत्रालय में शासकीय कर्मचारी कल्याण संगठन की बैठक में यह निर्देश दिये। उन्होंने निर्माण विभागों में रिक्त पदों की पूर्ति करने के लिये कहा। डॉ. सिंह ने कहा कि राज्य सरकार वचन-पत्र में शासकीय अधिकारियों-कर्मचारियों से किये गये वादों को तत्परता से पूरा करने के लिये वचनबद्ध है।

पंचायत एवं ग्रामीण विकास मंत्री श्री कमलेश्वर पटेल और लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी मंत्री श्री सुखदेव पांसे बैठक में शामिल हुए। अतिरिक्त मुख्य सचिव सामान्य प्रशासन श्री के.के. सिंह तथा जल-संसाधन, लोक निर्माण, ग्रामीण यांत्रिकी सेवा और लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग के प्रमुख अभियन्ता उपस्थित थे।

साभारजनसम्पर्क विभाग मध्यप्रदेश​​

Recent