Posted on 23 Jul, 2019 3:23 pm

प्रदेश में उद्यानिकी फसलें किसानों के लिए अतिरिक्त आमदनी का सशक्त जरिया बन गई हैं। अनूपपुर जिले के किसान ज्ञान सिंह को इस वर्ष आम की खेती से लगभग 2 लाख 50 हजार और आँवले के पेड़ों से लगभग 2 लाख की अतिरिक्त आमदनी हुई है। इस तरह उन्होंने परम्परागत खेती के अलावा 4.50 लाख रुपये की अतिरिक्त आमदनी प्राप्त की है।

किसान ज्ञान सिंह को उद्यानिकी विभाग की फल क्षेत्र विस्तार योजना में आँवला के 800 और आम के 200 पौधे नि:शुल्क मिले थे। इन्होंने पौधों को बड़ी मेहनत से पाला-पोसा। अब ये पौधे पेड़ बन गए हैं और फल दे रहे हैं। ज्ञान सिंह को उद्यानिकी अधिकारियों का निरंतर मार्गदर्शन भी मिला है।

उद्यानिकी विभाग की यंत्रीकरण योजना में किसान ज्ञान सिंह को पावर वीडर उपलब्ध कराया गया है। इसके लिए 50 हजार रुपये अनुदान भी मिला है। सुव्यवस्थित बागवानी में इस यंत्र का बहुत योगदान है। किसान ज्ञान सिंह की सफलता से अब क्षेत्र के अन्य किसानों ने परम्परागत फसलों के साथ-साथ उद्यानिकी फसलों को भी अपनाना शुरू कर दिया है।

(सफलता की कहानी) 

साभार – जनसम्पर्क विभाग मध्यप्रदेश