Posted on 16 Jan, 2019 10:59 pm

 

लोक स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्री श्री तुलसीराम सिलावट ने आज इंदौर के विद्यासागर स्कूल में मीजल्स-रूबेला अभियान का शुभारंभ किया। उन्होंने विभागीय अधिकारियों तथा कर्मचारियों से कहा कि मीजल्स-रूबेला टीकाकरण अभियान को जन-आंदोलन बनाया जाये। उन्होंने कहा कि बच्चों में देश का भविष्य निहित है। इस भविष्य को निरोग और सशक्त बनाने के लिये समाज का हर तबका टीकाकरण अभियान में अपनी भागीदारी निभाये।

मंत्री श्री सिलावट ने कहा कि अभियान को हमें चुनौती के रूप में संचालित करना होगा। यह कोशिश होगी कि हर बच्चे का टीकाकरण हो। श्री सिलावट ने बीमारी उन्मूलन के लिये सभी को संकल्प दिलाया और टीका लगवाने वाले बच्चों को  प्रमाण-पत्र प्रदान किये।

स्कूलों और मदरसों में पहुँचे मंत्री श्री सिलावट

मंत्री श्री सिलावट बुधवार को इंदौर में मदरसों और स्कूलों में पहुँचे। केन्द्रीय विद्यालय क्रमांक-1, इंदौर में उन्होंने टीकाकरण अभियान का संकल्प दिलाया उन्होंने कहा कि इस विद्यालय के विद्यार्थी उच्च पदों पर पहुँचें। इसके लिये जरूरी है कि बच्चों को स्थायी स्वास्थ्य सुरक्षा दी जाये। उन्होंने बताया कि मीजल्स-रूबेला अभियान बच्चों को दो जानलेवा बीमारियों से सुरक्षा कवच प्रदान करता है। श्री सिलावट खजराना स्थित मदरसा भी पहुँचे और टीकाकरण अभियान में शामिल हुए। श्री सिलावट इंदौर नगर में टीकाकरण अभियान को बढ़ावा देने के लिये चलाये जा रहे हस्ताक्षर अभियान में भी शामिल हुए।

जिलों में पहुँचे मंत्रीगण

प्रदेश के विभिन्न जिलों में मंत्रि-परिषद के सदस्यों द्वारा मीजल्स-रूबेला टीकाकरण अभियान का शुभारंभ किया गया। राजधानी भोपाल में जनसम्पर्क, विधि एवं विधायी, विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी, विमानन, धार्मिक न्यास एवं धर्मस्व मंत्री श्री पी.सी. शर्मा ने भेल क्षेत्र के कार्मल कान्वेंट स्कूल में मीजल्स-रूबेला अभियान का शुभारंभ किया। उन्होंने कहा कि अभियान में सभी वर्गों की भागीदारी सुनिश्चित होना चाहिये। देवास में लोक निर्माण मंत्री श्री सज्जन सिंह वर्मा ने मीजल्स-रूबेला अभियान का शुभारंभ करते हुए कहा कि अभियान में समर्पित भावना से कार्य करने की जरूरत बताई। इसे मात्र सरकारी ड्यूटी नहीं समझें। गुना जिले में अभियान की शुरूआत करते हुए श्रम मंत्री श्री महेन्द्र सिंह सिसोदिया ने कहा कि टीकाकरण जीवन से जुड़ा पहलू है। इसे पूरी गंभीरता से लिया जाये। ग्वालियर जिले में अभियान की शुरूआत करते हुए पशुपालन, मछुआ कल्याण एवं मत्स्य विकास मंत्री श्री लाखन सिंह यादव ने कहा कि एम.आर. टीकाकरण के जरिये बच्चों को सुरक्षा कवच पहनाया जा रहा है। नौ माह से 15 वर्ष आयु तक के सभी बच्चों का टीकाकरण करवाना शुरू करें। प्रदेश के अन्य जिलों में भी मीजल्स-रूबेला अभियान का सार्वजनिक स्वरूप में शुभारंभ किया गया।

 

साभार – जनसम्पर्क विभाग मध्यप्रदेश​