Posted on 20 Jan, 2019 11:27 am

 

महाराष्ट्र के पुणे में 9 से 20 जनवरी, 2019 तक आयोजित ‘खेलो इंडिया यूथ गेम्स’ के आज अंतिम दिन मध्यप्रदेश तीरंदाजी अकादमी की खिलाड़ी मुस्कान किरार ने रजत पदक पदक दिलाया। टेबल टेनिस में प्रदेश ने अंडर 17 में ओवर ऑल दूसरा स्थान प्राप्त किया। प्रदेश को रनर-अप ट्रॉफी से नवाजा गया।

आज खेले गए तीरंदाजी के कंपाउंड अंडर-21 बालिका वर्ग के फायनल में मुस्कान किरार ने 144 अंकों के साथ रजत पदक अर्जित कर प्रदेश को गौरवान्वित किया। मुस्कान मात्र एक अंक से स्वर्ण पदक से दूर रह गई। झारखंड की खिलाड़ी अनिता कुमारी ने 145 अंकों के साथ स्वर्ण पदक जीता। राजस्थान की खिलाड़ी स्वर्णा झँवर 141 अंकों के साथ तीसरे स्थान पर रही। मुस्कान किरार मध्यप्रदेश तीरंदाजी अकादमी जबलपुर में मुख्य प्रशिक्षक रिचपाल सिंह सलारिया से प्रशिक्षण हासिल कर रही हैं।           

खेलो इंडिया यूथ गेम्स में प्रदेश के खिलाड़ियों ने कुल 31 पदक जीते, जिनमें 8 स्वर्ण, 8 रजत और 15 कांस्य पदक शामिल हैं। इनमें राज्य खेल अकादमियों के खिलाड़ियों द्वारा अर्जित 6 स्वर्ण, 5 रजत और 11 कांस्य सहित 22 पदक शामिल हैं।

शूटिंग अकादमी के खिलाड़ियों ने तीन स्वर्ण, एक रजत और तीन कांस्य, बॉक्सिंग अकादमी के खिलाड़ियों ने दो स्वर्ण और एक रजत, एथलेटिक्स अकादमी के खिलाड़ियों ने एक स्वर्ण, एक रजत और चार कांस्य, कुश्ती अकादमी के खिलाड़ियों ने एक रजत और तीन कांस्य, तीरंदाजी अकादमी की खिलाड़ी ने एक रजत तथा जूडो अकादमी के खिलाड़ी ने एक कांस्य, इस प्रकार कुल 22 पदक जीते हैं।

खेल एवं युवा कल्याण मंत्री श्री पटवारी ने दी बधाई

 खेल और युवा कल्याण मंत्री श्री जीतू पटवारी ने खेलो इंडिया यूथ गेम्स में मध्यप्रदेश के खिलाड़ियों द्वारा किए गए उत्कृष्ट प्रदर्शन की सराहना की है। उन्होंने सभी पदक विजेताओं को बधाई देते हुए कहा है कि खिलाड़ियों ने पदक जीतकर प्रदेश को गौरवान्वित किया है। संचालक खेल और युवा कल्याण डॉ. एस.एल. थाउसेन ने भी प्रदेश का गौरव बढ़ाने वाले पदक विजेता खिलाड़ियों को बधाई दी है।

 

साभार – जनसम्पर्क विभाग मध्यप्रदेश​

Recent