Posted on 01 Feb, 2019 11:17 pm

 

सोमवती अमावस पर्व पर सोमवार चार फरवरी को उज्जैन में क्षिप्रा नदी में श्रद्धालुओं के स्नान के लिये भरपूर जल सुलभ रहेगा। इसके लिये नर्मदा-क्षिप्रा-सिंहस्थ लिंक योजना का निर्बाध संचालन किया जा रहा है। नर्मदा घाटी विकास प्राधिकरण के उपाध्यक्ष श्री पंकज अग्रवाल सोमवती अमावस पर्व पर श्रद्धालुओं को स्नान के लिये पर्याप्त जल सुनिश्चित करने की परियोजना के संचालन की व्यवस्थाओं की सतत् मानिटरिंग कर रहे हैं।

उपाध्यक्ष श्री अग्रवाल ने गत दिनों क्षिप्रा नदी को प्रवाहमान बनाने की नर्मदा-क्षिप्रा-सिंहस्थ लिंक योजना के सभी पक्षों का स्थल निरीक्षण किया। निरीक्षण में उन्होंने जल संग्रहण सिसलिया जलाशय, उद्वहन पम्प हाऊसों, उद्वहन तथा डिस्चार्ज पाईप लाइनों, पम्प संचालन की विद्युत प्रणाली आदि का निरीक्षण कर संचालन-संधारण से संबंधित अमले को जरूरी मार्गदर्शन दिया। श्री अग्रवाल ने क्षिप्रा के उद्गम स्थल ग्राम उज्जैनी में प्रवाहित जल, क्षिप्रा बैराज से उज्जैन में क्षिप्रा के त्रिवेणी घाट तक जल प्रवाह व्यवस्था का भी निरीक्षण किया। उन्होंने उज्जैन जिला प्रशासन तथा प्राधिकरण के इंजीनियरों से चर्चा कर व्यवस्थाओं के बेहतर समन्वय के टिप्स दिये।

परियोजना के मुख्य अभियन्ता श्री एच.आर.चौहान ने बताया कि पाँच क्यूमेक क्षमता की इस उद्वहन लिंक योजना को पूरी क्षमता पर संचालित किया जा रहा है। परियोजना से प्रवाहित जल के निर्बाध प्रवाह से संबंधित अन्य व्यवस्थाएँ भी सुनिश्चित की गई हैं।

 
 

साभार – जनसम्पर्क विभाग मध्यप्रदेश

Recent