Posted on 22 Apr, 2020 6:56 pm

राज्य सरकार महिलाओं को सशक्त और स्वावलम्बी बनाने के लिये समाज में आगे बढ़ाने के प्रयास कर रही है। इसी क्रम में दमोह जिले में महिला समूह को गेहूँ खरीदी केन्द्र की जिम्मेदारी सौंपी गयी है।

जबेरा तहसील मुख्यालय से करीब 20 किलोमीटर दूर पौड़ी मानगढ़ में नंदनी महिला स्व-सहायता समूह गेहूँ उपार्जन करवा रहा है। कलेक्टर श्री तरूण राठी ने स्व-सहायता समूह को यह जिम्मेदारी सौंपी है। इस नयी जिम्मेदारी से महिला स्व-सहायता समूह की महिलाएँ काफी उत्साहित हैं। वे खरीदी केन्द्र पर पूरे समय उपस्थित रहकर किसानों से गेहूँ खरीदी की पूरी निगरानी करते हुए उपार्जन में सक्रिय भूमिका निभा रही हैं। खरीदी केन्द्र पौड़ी मानगढ़ में गेहूँ खरीदी का कार्य गत 15 अप्रैल से शुरू हो गया है। खरीदी केन्द्र में कुल पंजीकृत किसानों की संख्या 378 है, जो 8 गाँव के निवासी है। इस खरीदी केन्द्र में लगभग 26 हजार 500 क्विंटल गेहूँ की आवक का अनुमान है। खरीदी केन्द्र में 15 हजार बारदानों की व्यवस्था की गयी है।

कोरोना वायरस के संक्रमण के खतरे को देखते हुए उपार्जन केन्द्र में किसानों से मास्क लगाकर आने, सोशल डिस्टेंसिंग बनाने, खरीदी केन्द्र में संलग्न कर्मचारियों को हाथ-धोने के लिये सैनेटाइजर साबुन की व्यवस्था भी की गयी है। करीब दो मीटर की दूरी पर किसानों की बैठने की उचित व्यवस्था बनाई गयी है। इस व्यवस्था से किसान खुश हैं। इस केन्द्र पर पंजीकृत किसान अपनी उपज बेचने के लिये निरंतर आ रहे है।

किसान दुर्गेश बताते है कि हमें खरीदी केन्द्र से एसएमएस प्राप्त हुआ था। मैं अपना 15 क्विंटल गेहूँ खरीदी केन्द्र पर लाया था। यहां सुविधा के साथ मेरा गेहूँ तौला गया। ऐसे संकट के समय मैं यहां की व्यवस्थाओं से खुश हूँ।

साभार – जनसम्पर्क विभाग मध्यप्रदेश

Recent