Posted on 09 Dec, 2016 6:17 pm

भोपाल : शुक्रवार, दिसम्बर 9, 2016, 18:11 IST
 

किसान-कल्याण एवं कृषि विकास मंत्री श्री गौरीशंकर बिसेन ने कहा है कि जैविक खेती के लिये जरूरी है कि हम गौ-वंश के संरक्षण के लिये काम करें। श्री बिसेन आज बिट्टन मार्केट में तीन-दिवसीय कृषि मेले का शुभारंभ कर रहे थे।

कृषि मंत्री श्री बिसेन ने कहा कि गौ-वंश के संरक्षण से हम प्रदेश में जैविक खेती का व्यापक प्रचार-प्रसार कर सकेंगे। उन्होंने कहा कि आज प्रदेश में खेती-किसानी समृद्ध हुई है और प्रदेश का नाम देश में अग्रणी है। उन्होंने बताया कि मुख्यमंत्री श्री शिवराज सिंह चौहान ने किसानों की आय दोगुना करने का संकल्प लिया है। प्रदेश में पिछले 11 वर्ष में कृषि के क्षेत्र में जो उपलब्धियाँ हासिल हुई हैं, उसके कारण निरंतर 4 वर्ष से कृषि कर्मण अवार्ड प्राप्त हो रहा है। उन्होंने उम्मीद जाहिर की कि वर्ष 2015-16 में भी यह अवार्ड प्रदेश को मिलेगा। उन्होंने बताया कि गेहूँ उत्पादन में हमारा प्रदेश देश में दूसरे नम्बर पर है। बिजली उत्पादन मे हम सरप्लस राज्य की श्रेणी में हैं। प्रदेश में दलहन उत्पादन और अंतरवर्तीय खेती को बढ़ावा दिया जा रहा है।

श्री बिसेन ने बताया कि किसानों को विभिन्न योजनाओं में मिलने वाले अनुदान को डीबीटी के जरिये सीधे उनके खाते में जमा करवाया जा रहा है। प्रदेश के सभी 313 विकासखण्ड में मिट्टी परीक्षण प्रयोगशाला खोली जा रही है। इससे किसान ब्लाक में ही मिट्टी परीक्षण करवा सकेगा।

कृषि मंत्री ने तीन-दिवसीय कृषि मेले के अवसर पर लगायी गयी प्रदर्शनी का भी शुभारंभ और अवलोकन किया। प्रदर्शनी में कृषि संबंधी यंत्र, उर्वरक और विभिन्न संबंधित विभाग द्वारा जानकारियों का प्रदर्शन किया गया है। इस मौके पर भोपाल संभाग के संयुक्त संचालक श्री एस.एन. बालपाण्डे और उप संचालक श्री ए.के. नेमा उपस्थित थे।

 

साभार – जनसम्पर्क विभाग मध्यप्रदेश

Recent