Posted on 12 Feb, 2019 4:30 pm

 

भारत भवन की 37वीं वर्षगाँठ पर 13 से 20 फरवरी तक देश-विदेश में ख्यातिलब्ध कलाकारों द्वारा कार्यक्रम प्रस्तुत किये जायेंगे। समारोह बुधवार 13 फरवरी को शाम 7 बजे कला प्रदर्शिनियों के शुभारंभ से शुरू होगा। इसके बाद सुश्री संगीता गोस्वामी अपने साथियों के साथ मंगलाचरण प्रस्तुत करेंगी। सुप्रसिद्ध उस्ताद जाकिर हुसैन का तबला वादन रात पौने आठ बजे शुरू होगा।

13 फरवरी : कला प्रदर्शिनी, मंगलाचरण और उस्ताद जाकिर हुसैन का तबला वादन।

14 फरवरी : सुश्री शमा भाटे की कथक प्रस्तुति।

15 फरवरी : आरूषि के कलाकारों द्वारा गायन वादन और संस्कृति विभाग की संगीत नृत्य प्रस्तुतियाँ।

16 फरवरी : कहानी पाठ, 17 फरवरी : कविता पाठ।

18 फरवरी : दो बीघा जमीन, 19 फरवरी : तीसरी कसम फिल्म का प्रदर्शन।

20 फरवरी : 'तुगलक' नाटक का मंचन।

दूसरे दिन 14 फरवरी को शाम 7 बजे सुश्री शमा भाटे साथी कलाकारों के साथ कथक नृत्य की समूह प्रस्तुति करेंगी। आरूषि भोपाल के कलाकर 15 फरवरी को शाम 6 बजे गायन-वादन पेश करेंगे। इसके बाद संस्कृति विभाग की अकादमियाँ संगीत और नृत्य कार्यक्रम प्रस्तुत करेंगी। शनिवार 16 फरवरी को शाम 6.30 बजे से होने वाले कहानी पाठ में सुश्री ममता कालिया, श्री स्वयं प्रकाश, श्री अखिलेश, श्री प्रियदर्शन, सुश्री सारा राय और श्री अनिरूद्ध उमट अपनी रचनाएँ पढ़ेंगे। कविता पाठ में 17 फरवरी को शाम 6.30 बजे से सर्वश्री रमेशचन्द्र शाह, नरेश सक्सेना, मंगलेश डबराल, ध्रुव शुक्ल, लीलाधर मंडलोई, विनोद पदरच, अरूण देव, कुमार अनुपम, सुश्री सविता सिंह और सुश्री वाजदा खान कविता पाठ करेंगे।

समारोह में 18 फरवरी को शाम 7 बजे से श्री बिमल राय द्वारा निर्देशित फिल्म 'दो बीघा जमीन' और 19 फरवरी को श्री बासु भट्टाचार्य द्वारा निर्देशित फिल्म 'तीसरी कसम' प्रदर्शित की जायेगी। अंतिम दिन 20 फरवरी को श्रीराम सेन्टर, नई दिल्ली के श्री के. माधवन के निर्देशन में शाम 7 बजे से नाटक तुगलक का मंचन होगा।

समारोह में होने वाले कार्यक्रमों में नाट्य प्रस्तुति के अलावा अन्य कार्यक्रमों में प्रवेश नि:शुल्क है। नाट्य प्रस्तुति का प्रवेश शुल्क 50 रुपये है। प्रस्तुति के दौरान आठ वर्ष से कम उम्र के बच्चों का प्रवेश निषेध है।

 

साभार – जनसम्पर्क विभाग मध्यप्रदेश​

Recent