Posted on 12 May, 2019 2:23 pm

विदिशा संसदीय क्षेत्र साँची, सिलवानी तथा भोजपुर विधानसभा क्षेत्र में पिंक बूथ तथा आदर्श मतदान केन्द्र बनाये गये हैं। इन केन्द्रों पर दिव्यांग मित्र, हेल्प-डेस्क, मेडिकल हेल्प, मतदाता प्रतीक्षा केन्द्र तथा मतदाताओं के लिये पेयजल की व्यवस्था की गई। यहाँ आने वाले मतदाताओं का स्वागत कर उनसे फीडबैक भी लिया गया।

बारात ले जाने से पहले दूल्हे ने किया मतदान

विदिशा के भोजपुर विधानसभा क्षेत्र के ग्राम गड़रिया में मतदान केन्द्र 5 पर दूल्हे वीरेन्द्र गुर्जर ने मतदान किया। मतदान के बाद वीरेन्द्र ने कहा कि मतदान हमारा अधिकार ही नहीं, कर्त्तव्य भी है और हमें इस कर्त्तव्य को पूरी जिम्मेदारी से निभाना चाहिये। मतदान केन्द्र 81 खैरी में भी दूल्हे गोपाल ने बारात ले जाने से पहले अपने मताधिकार का उपयोग किया।

101 साल की बसीरन बी ने किया मतदान

रायसेन जिले के बेगमगंज में मतदान केन्द्र 41 में 101 वर्षीय महिला श्रीमती बसीरन बी ने मतदान के बाद कहा कि- 'हर बार मतदान करती हैं। मेरी उम्र 100 साल से ज्यादा है और जब मैं मतदान कर सकती हूँ तो अन्य सभी को मतदान जरूर करना चाहिये।''

दिव्यांग रामबाबू ने निभाई जिम्मेदारी

साँची विधानसभा क्षेत्र के रायसेन में मतदान केन्द्र 123 शासकीय नवीन हाई स्कूल भवन उत्तरी भाग कलेक्ट्रेट कॉलोनी, रायसेन में दिव्यांग रामबाबू ने अपने मताधिकार का उपयोग किया। रामबाबू ने अपने दिव्यांग मित्र के साथ मतदान केन्द्र तक पहुँचकर आसानी से अपना वोट डाला। उन्होंने मतदान की व्यवस्थाओं के लिये निर्वाचन आयोग को धन्यवाद भी दिया।

पहली बार मतदान कर निभाई लोकतंत्र के प्रति अपनी जिम्मेदारी

रायसेन में मतदान केन्द्र 137 पर युवा मतदाता पूर्णिमा सोनी ने पहली बार मताधिकार का उपयोग किया। पूर्णिमा मतदाता सूची में नाम अंकित होने के बाद से ही मतदान के लिये उत्साहित थीं। मतदान केन्द्र 123 में प्रभात कुशवाह ने पहली बार मतदान करने के बाद कहा कि- 'एक जागरूक मतदाता होने की जिम्मेदारी निभाकर अच्छा महसूस हो रहा है।''

विदाई से पहले दुल्हन ने किया मतदान

भोजपुर विधानसभा क्षेत्र के मतदान केन्द्र 242 बाड़ीकलां में दुल्हन सूर्या कुशवाह ने मतदान के महत्व को समझते हुए अपनी विदाई से पहले मतदान केन्द्र जाकर वोट डाला। सूर्या का कहना था कि- 'लोकतंत्र में मतदान महत्वपूर्ण होता है।''

साभार – जनसम्पर्क विभाग मध्यप्रदेश

Recent